15 हजार की रिश्वत लेते
Spread the love

रंगे हाथों पकड़ा गया दरोगा, 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

हल्द्वानी। दिनेशपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए एक दरोगा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा पर बिजली चोरी के मामले में राहत दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उसे निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, 28 जनवरी को ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने श्रीरामपुर निवासी राजेश गोलदार पुत्र निहार गोलदार के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की जांच दिनेशपुर थाने में तैनात दरोगा अनवर अहमद कर रहे थे। आरोप है कि विवेचना के दौरान दरोगा ने आरोपी से मुकदमे में राहत दिलाने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की।

शिकायत मिलने पर सतर्कता विभाग की टीम ने गोपनीय जांच शुरू की और योजना के तहत कार्रवाई करते हुए दरोगा को दिनेशपुर थाने के पूछताछ कक्ष में रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा को हल्द्वानी स्थित विजिलेंस कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंह नगर ने दरोगा अनवर अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विजिलेंस टीम पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


Spread the love