देवभूमि ब्रेकिंग न्यूज
Spread the love

90 लाख की ज्वेलरी गायब! हल्द्वानी के बड़े शोरूम का जीएम फरार, गबन का केस दर्ज

हल्द्वानी। शहर के एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम में 90 लाख रुपये की गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी गायब होने से हड़कंप मच गया है। मामले में शोरूम के जीएम पर गबन का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर निवासी स्वर्णिका ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक (एमडी) नागेंद्र चंद्र भट्ट ने एसएसपी नैनीताल को शिकायत देकर बताया कि हल्द्वानी स्थित उनके शोरूम में तरुण जैन निवासी हल्द्वानी बतौर जीएम कार्यरत था। उसके पास कंपनी के गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी स्टॉक का पूरा नियंत्रण, प्रबंधन और अभिरक्षा की जिम्मेदारी थी। साथ ही वह महंगे ज्वेलरी स्टॉक के लेन-देन और निगरानी का भी प्रभारी था।

कंपनी की ओर से 24 से 28 फरवरी 2026 के बीच स्टॉक ऑडिट कराया गया, जिसमें करीब 90 लाख रुपये की गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी कम पाई गई। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए जांच शुरू की गई।

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी जीएम चार मार्च तक अवकाश पर था। पांच मार्च को वह शोरूम आया, लेकिन उसी दिन दोपहर में एक ग्राहक से मिलने की बात कहकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। इसके बाद से उसके दोनों मोबाइल नंबर भी बंद आ रहे हैं, जिससे शक और गहरा गया।

जानकारी के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार जीएम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love