Spread the love

लालकुआं पुलिस ने झपटमारी कर कुंडल चोरी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

लालकुआं, 7 सितम्बर 2025 — लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने झपटमारी की एक घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को चोरी गए कुंडलों के साथ गिरफ्तार किया है।

घटना 3 सितम्बर 2025 की है, जब माला देवी पत्नी विनोद कुमार निवासी स्लीपर फैक्ट्री झोपड़पट्टी, लालकुआं (जिला नैनीताल) ने कोतवाली लालकुआं में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात आरोपी ने झपट्टा मारकर उनके कान से सोने के कुंडल चोरी कर लिए।

प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली लालकुआं में धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच अपर उपनिरीक्षक दया किशन सती को सौंपी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशानुसार अपराध के सफल अनावरण हेतु ठोस कार्रवाई के आदेश दिए गए।

इस क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री प्रकाश चंद्र के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में उप निरीक्षक सोमेंद्र सिंह प्रभारी चौकी बिंदुखत्ता एवं अपर उपनिरीक्षक दया किशन सती शामिल थे।

पुलिस टीम ने जांच के दौरान क्षेत्र में लगे करीब 40 से 50 सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इसके साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।

अंततः 6 सितम्बर 2025 को एक विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहित गुप्ता उर्फ ननिया पुत्र प्रेमपाल गुप्ता निवासी लालकुआं, नैनीताल को स्लीपर फैक्ट्री के पास मैदान से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक जोड़ी पीली धातु (संभावित सोने) के कान के कुंडल बरामद किए गए।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


Spread the love