मंगलसूत्र लुटेरा गिरफ्तार! मुखानी से रामनगर तक दहशत फैलाने वाला शातिर चेन स्नैचर पुलिस के हत्थे चढ़ा
हल्द्वानी/रामनगर। थाना मुखानी और रामनगर क्षेत्र में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार होने वाले शातिर बदमाश को नैनीताल पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित टीम ने मुखानी पुलिस और एसओजी के साथ मिलकर सनसनीखेज घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटे गए आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
पहली घटना 30 जनवरी को देवभूमि सैनिक कॉलोनी में हुई, जहां आरोपी ने पता पूछने के बहाने महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया।
दूसरी वारदात 4 फरवरी को ऊँचापुल मुखानी में हुई, जहां दुकान पर सामान खरीदने के दौरान झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए।
तीसरी घटना 6 फरवरी को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में सामने आई।
तीनों मामलों में बीएनएस की संबंधित धाराओं में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में सीओ हल्द्वानी अमित सैनी और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्ध बाइक HR 29 AF 2325 (FZ-S) की पहचान हुई। कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार को पकड़ लिया। हालांकि पीछे बैठा साथी जंगल की ओर भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी कौन?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
फिरोज गांधी पुत्र नंदराम (36 वर्ष)
निवासी – गांव पदमपुर, थाना मिल्क खाना, तहसील स्वार, जिला रामपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने 30 जनवरी, 4 फरवरी और 6 फरवरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। वह फिर से हल्द्वानी में चेन स्नेचिंग की योजना बनाकर आ रहा था, लेकिन पुलिस चेकिंग में पकड़ लिया गया।
बरामदगी
02 पीली धातु के पेंडल (मंगलसूत्र के)
आरोपी पर उत्तराखंड और रामपुर (उ.प्र.) में हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।उत्तराखंड में ही उसके खिलाफ हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर थानों में 5 मुकदमे पंजीकृत हैं।रामपुर पुलिस से भी उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल एक शातिर सलाखों के पीछे है, लेकिन क्या उसका फरार साथी भी जल्द गिरफ्त में आएगा? पुलिस की नजरें उस पर टिकी हैं।

