नैनीताल पुलिस का सख्त चेकिंग अभियान: 462 चालकों पर कार्यवाही, 6 वाहन सीज़, 14 DL निरस्त, ₹1.51 लाख जुर्माना वसूला गया
नैनीताल – जनपद में सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम कसने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस लगातार सक्रिय है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक यातायात/क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के अंतर्गत, 15 जुलाई 2025 को पूरे जिले में पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान 462 लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 6 वाहनों को सीज़ किया गया तथा 14 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) निरस्त किए गए। साथ ही कुल ₹1,51,000 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
👉 काठगोदाम थाना क्षेत्र – नाबालिग को दी स्कूटी, पिता पर FIR, ₹33,500 का चालान
थानाध्यक्ष पंकज जोशी के निर्देशन में चौकी मल्ला काठगोदाम प्रभारी उनि दिलीप कुमार की टीम द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान UK-04R-1338 नंबर की स्कूटी को रोका गया। स्कूटी 16 वर्षीय नाबालिग चला रहा था, जिसके पास न वैध लाइसेंस था और न ही वाहन से संबंधित दस्तावेज। पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के था।
पुलिस ने वाहन स्वामी (पिता) के विरुद्ध धारा 199A मोटर वाहन अधिनियम के तहत FIR दर्ज की, स्कूटी को सीज़ कर ₹33,500 का चालान किया गया।
👉 भीमताल थाना – शराब के नशे में गाड़ी चलाने वाला चालक गिरफ्तार, वाहन सीज़
थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में वाहन चेकिंग के दौरान UK06A-4676 नंबर की कार को तेज़ी से लहराते हुए आते देखा गया। चालक सूर्य प्रताप सिंह निवासी मल्लीताल को रोककर मेडिकल परीक्षण किया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
इसके उपरांत पुलिस ने उसके विरुद्ध धारा 185/207 MV Act के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए वाहन को सीज़ कर दिया और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
