पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में किया गिरफ्तार, गुरुवार को कोर्ट में होगा पेश
नैनीताल/कालाढूंगी: उत्तराखंड के हल्द्वानी जिले के कालाढूंगी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद घिनौनी घटना सामने आई है। यहां एक सौतेले पिता ने अपनी आठ साल की नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मेडिकल रिपोर्ट में भी बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि मंगलवार शाम को उसका पति अपनी आठ साल की सौतेली बेटी को बाजार घुमाने ले गया था। जब वह देर रात बेटी को लेकर घर लौटा, तो बच्ची लगातार रो रही थी। मां ने पति से रोने का कारण पूछा, लेकिन उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद, मां ने अपनी बेटी से पूछताछ की और उसके शरीर की जांच-पड़ताल की, जिससे उसे दुष्कर्म का संदेह हुआ। जब महिला ने अपने पति से इस घिनौनी हरकत के बारे में पूछा, तो आरोपी ने उसे धमकी दे डाली। इसके बाद, महिला सीधे कालाढूंगी थाने पहुंची और अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह घटना समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।
