हल्द्वानी मंडी हत्याकांड: लक्ष्मी और शुभम कुमार टम्टा के नाम आए सामने, सिर कुचले मिले दोनों के शव
हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित मंडी परिसर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में सिर कुचले हुए पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आवश्यक सबूत एकत्र करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतकों की पहचान 19 वर्षीय लक्ष्मी निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल और 31 वर्षीय शुभम कुमार टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृत युवक के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) बरामद हुई है। इसके अलावा घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पारिवारिक जानकारी के अनुसार, शुभम कुमार टम्टा छह भाई-बहनों में से एक थे, जिनमें चार बहनें और दो भाई हैं। उनके माता-पिता का निधन हो चुका है। परिवार के अधिकांश सदस्य शिक्षा विभाग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
वहीं, लक्ष्मी आठ भाई-बहनों में छठे नंबर पर थी। उसके पिता पुजारी का कार्य करते हैं। उसके दो भाई और चार बहनों की शादी हो चुकी है।
लक्ष्मी के भाई सुरेश ने बताया कि वह अगस्त 2025 से एक रीहैब सेंटर में नौकरी कर रही थी और बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। पहले वह परिवार के साथ रहती थी, लेकिन नौकरी लगने के बाद कार्यालय के पास रहने लगी थी। उसने परिवार को बताया था कि मुखानी क्षेत्र से कॉलेज पास है और नौकरी भी ठीक चल रही है, इसलिए वहीं रहना सुविधाजनक है। सुरेश ने कहा कि उन्हें किसी पर विशेष संदेह नहीं है। मंडी चौकी से सुबह सूचना मिलने पर ही उन्हें घटना की जानकारी मिली।
पुलिस मंडी परिसर और आसपास के व्यापारियों व मजदूरों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।

