ऑपरेशन साइबर प्रहार
Spread the love

“ऑपरेशन साइबर प्रहार” : ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों म्यूल अकाउंट चिन्हित, 5 संदिग्ध हिरासत में

रुद्रपुर। एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा “ऑपरेशन साइबर प्रहार” के तहत साइबर अपराधियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर ठगी में संलिप्त गिरोहों, म्यूल अकाउंट संचालकों और फर्जी सिम कार्ड के जरिए संचालित नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करना है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि साइबर अपराधी फर्जी सिम कार्ड के माध्यम से बैंक खातों (म्यूल अकाउंट्स) का संचालन कर ठगी की रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर करते हैं, जिससे जांच प्रक्रिया जटिल हो जाती है। अब तक सैकड़ों संदिग्ध म्यूल अकाउंट चिन्हित किए जा चुके हैं, जिनमें से कई खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया जारी है और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉 हरिद्वार में सनसनीखेज खुलासा: पत्नी और नाबालिग बेटी ने की बबलू की हत्या, आत्महत्या का दिया था रूप

अभियान के तहत पुलिस ने बीते 24 घंटों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 अभियोग पंजीकृत किए हैं और 05 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और निगरानी की जा रही है। साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण के जरिए अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतते हुए हेली बुकिंग फ्रॉड, फर्जी वेबसाइट, कॉल सेंटर फ्रॉड और पेंशन से जुड़ी ऑनलाइन ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति लागू की है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचाया जा सके।

इस अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर, नानकमत्ता, दिनेशपुर, रुद्रपुर, जसपुर और किच्छा थाना क्षेत्रों में साइबर अपराध से संबंधित मामलों में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी में किताबों के खेल पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, स्कूलों-बुक सेलर्स पर कसा शिकंजा

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में साइबर अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले, फर्जी सिम कार्ड के जरिए ठगी करने वाले या किसी भी प्रकार से साइबर अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि हेली बुकिंग या अन्य ऑनलाइन सेवाओं के लिए केवल अधिकृत वेबसाइट का ही उपयोग करें और किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाना में दें।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love