Spread the love

ऑपरेशन कालनेमि जारी, अवैध घुसपैठियों पर पुलिस का शिकंजा,दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में घुसी थीं दोनों महिलाएं

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। शनिवार को ऑपरेशन कालनेमि के तहत पुलिस, एलआईयू (स्थानीय खुफिया इकाई) और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के दिशा-निर्देश पर चलाए गए इस विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीम को पूजा विहार, चन्द्रबनी इलाके से दो संदिग्ध महिलाएं मिलीं। गहन पूछताछ और तलाशी में यह तथ्य सामने आया कि दोनों महिलाएं बांग्लादेश की नागरिक हैं और पश्चिम बंगाल बार्डर से अवैध तरीके से भारतीय सीमा में प्रवेश कर उत्तराखंड में रह रही थीं।

पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र और पारिवारिक रजिस्टर भी बरामद किए। फिलहाल, दोनों महिलाओं के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और नियमानुसार उन्हें बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।

एसएसपी देहरादून के अनुसार, ऑपरेशन कालनेमि के तहत इससे पहले भी देहरादून में अवैध रूप से रह रहे 5 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि 7 अन्य के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love