काशीपुर में ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या, तीन नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
काशीपुर, 2 सितंबर: शहर के शांतिनगर क्षेत्र में रविवार रात एक पेपर मिल में कार्यरत ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
शांतिनगर निवासी जसवीर सिंह उर्फ टोनी (42) पुत्र कुलदीप सिंह, बनवारी पेपर मिल में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। रविवार रात करीब 10 बजे वह ड्यूटी से लौटे थे। इसी दौरान एक युवक उन्हें जन्मदिन का हवाला देकर बाइक पर साथ ले गया।
रात करीब 10:30 बजे के बाद, जसवीर सिंह कुमाऊं कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में कुछ स्थानीय लोगों को मिले। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए मुरादाबाद रेफर किया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता जसवीर सिंह रविवार रात कॉलोनी निवासी नवीन सिंह रावत के साथ बाइक पर थे। इस दौरान विजयनगर, नई बस्ती के रहने वाले अमान, इमरान और फरदीन से उनका विवाद हो गया।
हरप्रीत ने बताया कि जब वह रात करीब 12 बजे गणेश विसर्जन कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी उसे पॉपुलर ग्राउंड, कचनाल गाजी के पास झगड़े की जानकारी मिली। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि तीनों आरोपी उसके पिता के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। हरप्रीत के अनुसार, आरोपियों ने उसके पिता के सिर में तमंचे से गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया गया। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीओ काशीपुर दीपक सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
