हरिद्वार: मंदिर में पुजारी की बेरहमी से हत्या, लक्सर के भोगपुर गांव में सनसनी
हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित भोगपुर गांव में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निजी मंदिर के अंदर पुजारी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। अज्ञात बदमाशों द्वारा धारदार हथियार से हमला कर पुजारी की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान राजवीर के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के गोधना गांव के निवासी थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीन महीने पहले ही आए थे मंदिर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोगपुर गांव निवासी संजय सैनी द्वारा बनाए गए निजी मंदिर में राजवीर करीब तीन महीने पहले ही पुजारी के रूप में आए थे। वह मंदिर में रहकर पूजा-पाठ के साथ-साथ साफ-सफाई और अन्य सेवा कार्य भी करते थे। मंदिर स्वामी के मुताबिक, राजवीर ने कभी किसी तरह की परेशानी या विवाद की बात नहीं बताई थी। शनिवार शाम को भी उनकी मुलाकात हुई थी, तब सब कुछ सामान्य था।
यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत
हत्या की आशंका, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। पुजारी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे धारदार हथियार से हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
मंदिर स्वामी की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है, जिनमें हत्या का कारण, आरोपियों की पहचान और घटना के समय की परिस्थितियां शामिल हैं।
इस वारदात के बाद भोगपुर गांव में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





