चोरगललिया रोड में अतिक्रमण, चोरी की सामग्री की खरीद-फरोख्त और बाल श्रम पर प्रशासन का शिकंजा
हल्द्वानी। चोरगललिया रोड स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण और चोरी की सामग्री के अवैध व्यापार को लेकर मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण एवं छापेमारी की।
इस संयुक्त अभियान में नगर आयुक्त रिचा सिंह, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, एसएनए गणेश भट्ट सहित नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने क्षेत्र की कई दुकानों, गोदामों और प्रतिष्ठानों की जांच की, जिसमें चोरी की गई सरकारी संपत्ति और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में नगर निगम की सार्वजनिक नालियों में इस्तेमाल होने वाली लोहे की जालियाँ (ग्रिल) बरामद की गईं। कुल सात लोहे की जालियाँ वहां संग्रहित पाई गईं, जो नगर निगम की संपत्ति हैं। इस मामले में नगर निगम द्वारा प्रतिष्ठान के कब्जेदार के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जा रही है।
एक अन्य गोदाम में पुराने टीएमटी सरियों से टीएमटी स्क्वायर बनाने का अवैध कार्य किया जा रहा था। टीम द्वारा गोदाम खुलवाकर जांच की गई, जहां भारी मात्रा में पुराने, इस्तेमाल किए गए सरिए पाए गए। प्रतिष्ठान स्वामी इनकी खरीद-बिक्री का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया मामला चोरी से संबंधित प्रतीत होने पर गोदाम को सील कर दिया गया है। स्वामी को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि क्षेत्र में नशे के आदी कुछ युवक विभिन्न स्थानों से सरिए और अन्य धातु सामग्री चुराकर इन्हीं दुकानों में बेचते हैं। यह गतिविधियाँ न केवल चोरी को बढ़ावा देती हैं, बल्कि नशे और अपराध के नेटवर्क को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं।
एक प्रतिष्ठान में दो नाबालिग (18 वर्ष से कम आयु) लड़के मेटल रॉड निर्माण कार्य में लगे पाए गए। मौके पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। लेबर इंस्पेक्टर को बाल श्रम अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने कहा कि क्षेत्र में चोरी की सामग्री का भंडारण, बाल श्रम एवं अतिक्रमण जैसी गतिविधियाँ गंभीर अपराध हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय पुलिस को सभी मामलों की गहन जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
