Spread the love

कट्टे में मिली लाश से खुला राज,भाई बना बहन का हत्यारा

देहरादून। राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के किरायेदार लोकेन्द्र उर्फ राजा (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतका का भाई विशाल अभी फरार चल रहा है।

22 सितम्बर की सुबह थाना बसंत विहार पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि इलाके में एक सफेद कट्टे में बंधा शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में मृतका की पहचान विशाखा (22 वर्ष), पुत्री बुधराम, निवासी स्मिथनगर, प्रेमनगर के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि 21 सितम्बर की रात मृतका के भाई विशाल ने नशे की हालत में अपनी बहन के साथ मारपीट की थी। इस दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए विशाल ने अपने किरायेदार राजा की मदद ली। दोनों ने मिलकर शव को कट्टे में डालकर टी-स्टेट के जंगल में फेंक दिया।

गिरफ्तार आरोपी राजा ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि विशाल के कहने पर उसने शव को कट्टे में भरकर जंगल में फेंकने में मदद की थी।

गिरफ्तार लोकेन्द्र उर्फ राजा, पुत्र बलराम सिंह, मूल निवासी ग्राम जलालपुर, थाना बड़ापुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। वर्तमान में वह स्मिथनगर, प्रेमनगर में किरायेदार के रूप में रह रहा था। उसकी उम्र 26 वर्ष बताई जा रही है।

मुख्य आरोपी विशाल इस समय फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश शुरू कर दी है।

देहरादून पुलिस ने कम समय में हत्या की गुत्थी सुलझाकर किरायेदार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Spread the love