रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 180 लीटर अवैध शराब खाम के साथ आरोपी गिरफ्तार
रामनगर। रामनगर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्यवाही करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में शराब खाम बरामद की है। मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर अरुण सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुलदीप सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी करैलपुरी, रामनगर, जिला नैनीताल को गिरफ्तार किया। उसके घर के पीछे खेतों से 06 ट्यूबों में भरी 180 लीटर शराब खाम बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, कुलदीप सिंह लंबे समय से अवैध रूप से कच्ची शराब खाम बेचने और बड़े पैमाने पर तस्करी करने में संलिप्त था। इसके संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सूचना संकलन के बाद पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 330/25, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
