गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म, फरार टीटीई पर 10 हजार का इनाम
गोरखपुर। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन में एक युवती से दुष्कर्म के गंभीर आरोप में फरार चल रहे टीटीई पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी टीटीई की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के वाराणसी मंडल में तैनात था। रेलवे एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि आरोपी को बर्खास्त करने की संस्तुति विभाग को भेज दी गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता एनसीसी की कैडेट है और भर्ती की तैयारी के लिए गोरखपुर में किराए के कमरे में रहती है। वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने मऊ गई थी। परीक्षा के बाद लौटते समय स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह टिकट नहीं ले सकी और ट्रेन के एसी कोच में खड़ी थी।
आरोप है कि टीटीई ने उसे टिकट बनाने और सीट दिलाने का भरोसा देकर अपने केबिन में बुलाया। पहले सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ देर बाद उसका व्यवहार बदल गया। युवती के विरोध के बावजूद आरोपी ने जबरदस्ती की और बिना टिकट यात्रा का मामला दर्ज कर कार्रवाई की धमकी दी।
बताया जा रहा है कि घटना इंदारा और देवरिया स्टेशन के बीच हुई। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मामले की भनक लगते ही आरोपी देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
एसपी जीआरपी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। रेलवे विभाग को आरोपी को सेवा से बर्खास्त करने के लिए पत्र भेजा गया है।
