पति से विवाद के बीच उठाया खौफनाक कदम, पुलिस जांच में जुटी
नैनीताल: मल्लीताल क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया जब एक महिला ने अपने दोनों हाथों की नसें ब्लेड से काट लीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में महिला को तुरंत बीडी पांडे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसके हाथों में 12 टांके लगाए गए हैं।
पुलिस के अस्पताल पहुंचने पर घायल महिला ने अपने पति पर ही हमला करने और नसें काटने का आरोप लगाया है। पुलिस और संबंधित सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मल्लीताल स्थित आर्मीडेल कंपाउंड में रहने वाली तनवीर और उनके पति के बीच लंबे समय से पारिवारिक तनाव चल रहा है।
भले ही वे एक ही फ्लैट में रहते हैं, लेकिन उनके बीच तलाक और बच्चे की सुपुर्दगी को लेकर लगातार विवाद बना हुआ है। आज दोपहर इसी विवाद के दौरान तनवीर ने ब्लेड से अपने हाथों की नसें काट लीं। जब पति को इसकी जानकारी हुई तो उसने महिला को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया। बाद में जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो पति ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की जांच कर रही उप निरीक्षक आशा बिष्ट ने बताया कि दंपति के बीच काफी समय से तनाव है और इस संबंध में पहले भी कोतवाली में काउंसलिंग की जा चुकी है। पुलिस ने महिला के मायके पक्ष को सूचित कर दिया है।
फिलहाल महिला का उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
