दो युवकों ने कार में बंधक बनाकर युवतियों से की दरिंदगी
Spread the love

हल्द्वानी में सनसनी: दो युवकों ने कार में बंधक बनाकर युवतियों से की दरिंदगी की कोशिश

हल्द्वानी। शहर में एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही एक युवती और उसकी सहेली ने रामपुर के दो युवकों पर कार में बंधक बनाकर जबरन शराब पिलाने और दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। किसी तरह जान बचाते हुए दोनों युवतियां आरोपितों के चंगुल से निकल सकीं।

पीड़िता के अनुसार, 13 जनवरी की शाम रामपुर निवासी उनके पड़ोस के दो युवक हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने युवती को उसके भाई के साथ हादसा होने का झांसा दिया। भाई को लेकर घबराई युवती अपनी सहेली के साथ उनकी कार में बैठ गई। कुछ दूरी तय करने के बाद युवकों ने कार रोककर दोनों युवतियों के साथ जबरदस्ती शराब पिलाई। विरोध करने पर मारपीट की गई और अश्लील हरकतें की गईं।

आरोप है कि इसके बाद चलती कार में ही दोनों युवतियों के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। इसी दौरान युवती की सहेली किसी तरह चलती कार से कूदकर जान बचाने में सफल रही। इसके बाद आरोपितों ने पीड़िता को जान से मारने और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। कुछ दूर ले जाकर उसे भी कार से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता ने हल्द्वानी में रह रहे अपने भाई को फोन कर मौके पर बुलाया। पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटनास्थल हल्द्वानी क्षेत्र का होने के कारण मामले की सूचना स्थानीय कोतवाली को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि हल्द्वानी कोतवाली में मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love