मजनू का टीला में युवती और 6 माह की मासूम की गला रेतकर हत्या, लिव-इन पार्टनर फरार
नई दिल्ली, 9 जुलाई 2025। उत्तर दिल्ली के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत मजनू का टीला इलाके में मंगलवार को दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवती और छह माह की मासूम बच्ची की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद युवती का लिव-इन पार्टनर मौके से फरार हो गया, जिस पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है।
घटना दोपहर करीब एक बजे की है, जब मृतक मासूम की मां लक्ष्मी अपनी बड़ी बेटी को स्कूल से लेने गई थी। उसी समय आरोपी निखिल, जो सोनम का लिव-इन पार्टनर बताया जा रहा है, घर आया। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी की गैरमौजूदगी में ही आरोपी ने कथित तौर पर दोनों की हत्या की और मौके से फरार हो गया।
हत्या की शिकार हुई युवती की पहचान सोनम (22) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के नैनीताल की रहने वाली थी। मासूम बच्ची यशिका, लक्ष्मी की छोटी बेटी थी। सोनम बीते 15-20 दिनों से लक्ष्मी के घर रह रही थी। बताया गया है कि वह निखिल के साथ लंबे समय से लिव-इन में रह रही थी, लेकिन हाल ही में आपसी विवाद के चलते वह अपनी सहेली लक्ष्मी के घर आकर रहने लगी थी।
सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस व वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मकान की पहली मंजिल पर खून से सने शव मिलने के बाद तुरंत क्राइम सीन की जांच शुरू की गई। मकान मालिक मोहन सिंह के घर में रहने वाले दुर्गेश और लक्ष्मी की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई कि घटना के समय घर में सिर्फ सोनम और यशिका मौजूद थीं।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी निखिल के मौके पर आने और फिर भागते हुए जाने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा, सोनम का मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच की, जिसमें यह बात सामने आई कि निखिल उसे लगातार फोन कर रहा था और वापस रिश्ते में आने के लिए दबाव बना रहा था। लक्ष्मी ने बताया कि निखिल सोनम को धमकियाँ भी दे रहा था।
पुलिस ने निखिल की तलाश में उत्तराखंड में दो टीमें रवाना कर दी हैं। बताया गया है कि निखिल मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है और तिमारपुर क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर दबिश दी जा रही है।
घटना में छह माह की मासूम यशिका की हत्या ने सभी को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्ची तो बोल भी नहीं सकती थी, फिर उसे क्यों मारा गया? आशंका जताई जा रही है कि संभवतः सोनम ने यशिका को गोद में ले रखा था, और आरोपी ने एक साथ दोनों पर हमला किया।
डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, दुर्गेश और लक्ष्मी सहित अन्य परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है।
