बेटे ने की पिता की हत्या, नीले ड्रम में छिपाया शव (1)
Spread the love

लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने की पिता की हत्या, नीले ड्रम में छिपाया शव

लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। आशियाना कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-एल में 21 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपने ही पिता की हत्या कर दी और सबूत छिपाने की कोशिश की।

मृतक की पहचान मानवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो एक पैथोलॉजी लैब संचालित करते थे और शराब के कारोबार से भी जुड़े थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटा अक्षत (21) बीकॉम का छात्र है। उसकी मां का नौ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था और पिता ही दोनों बच्चों — अक्षत और 17 वर्षीय कृति — की परवरिश कर रहे थे।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पिता चाहते थे कि अक्षत NEET परीक्षा पास कर एमबीबीएस की पढ़ाई करे, जबकि बेटा इस दिशा में आगे नहीं बढ़ना चाहता था। वह पारिवारिक व्यवसाय में बदलाव कर कोई अन्य कारोबार शुरू करने की सोच रहा था। इसी मुद्दे को लेकर 20 फरवरी को दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

पुलिस के अनुसार, गुस्से में आकर अक्षत ने पिता की लाइसेंसी राइफल से गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। उसने घर के एक खाली कमरे में शव को छिपाया और बाद में उसे प्लास्टिक में पैक कर नीले ड्रम में रख दिया। कुछ अवशेषों को वह कार से करीब 21 किलोमीटर दूर फेंक आया। वारदात के तीन दिन बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

हालांकि पूछताछ के दौरान उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर से नीला ड्रम बरामद किया, जिसमें मानवेंद्र सिंह का शव रखा मिला। अन्य अवशेषों की तलाश जारी है।

बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान उसकी बहन घर में मौजूद थी। आरोपी ने उसे किसी को भी घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे वह सहमी रही।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।


Spread the love

You missed