देहरादून मर्डर केस
Spread the love

देहरादून मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा! दिनदहाड़े अर्जुन शर्मा की हत्या… पत्नी ने सास समेत 4 पर रची साजिश का शक जताया

देहरादून के तिब्बती मार्केट और प्रेस क्लब के समीप दिनदहाड़े हुई अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले ने अब सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा समेत तीन अन्य लोगों पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर संदेह जताया है। उनके लिखित प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डालनवाला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिससे मामले की दिशा पूरी तरह बदल गई है।

नामजद आरोपियों में एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अजय खन्ना, विनोद उनियाल और उनकी पत्नी संगीता उनियाल शामिल हैं। अभिलाषा शर्मा का आरोप है कि इन लोगों के बीच धन संबंधी लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। उनके पति अर्जुन शर्मा ने इस आर्थिक लेन-देन का विरोध किया था, जिसके चलते उनका अपनी मां के साथ गंभीर मतभेद हो गया था। बताया जा रहा है कि यह मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है।

पत्नी ने आशंका जताई है कि इसी वित्तीय टकराव के चलते साजिश रचकर उनके पति की हत्या कराई गई। अब तक मामला अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई वारदात के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन ताजा शिकायत के बाद पुलिस ने साजिश रचकर हत्या कराने की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन ट्रैकिंग, सर्विलांस इनपुट और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। पूरे मामले ने राजधानी में सनसनी फैला दी है और अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


Spread the love

You missed