हरिद्वार में सनसनीखेज खुलासा: पत्नी और नाबालिग बेटी ने की बबलू की हत्या, आत्महत्या का दिया था रूप
हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र में हुए बबलू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक की 35 वर्षीय पत्नी और नाबालिग बेटी को आरोपी बनाया गया है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह एक सुनियोजित हत्या निकली।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के अनुसार, 2 अप्रैल को ग्राम लाहड़पुर निवासी पूजा ने सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
उसी दिन मृतक के भाई राजू ने पुलिस को तहरीर देकर बबलू की हत्या का आरोप उसकी पत्नी, बेटी और एक अन्य युवक पर लगाया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू की।
बेटे ने खोला राज
जांच के दौरान मृतक के नाबालिग बेटे ने अहम खुलासा करते हुए बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर तकिये से मुंह दबाकर उसके पिता की हत्या की है। इस बयान के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के एक युवक से संबंध थे। हालांकि उस युवक की एक माह पहले ही शादी हो चुकी थी, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। पति को इस बात का शक होने पर घर में विवाद बढ़ गया था, जिससे परेशान होकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन मां-बेटी ने पहले बबलू को शराब में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। जब वह बेहोश हो गया, तो उसके हाथ-पैर बांधकर तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरे कमरे में ले जाकर मुंह में जहरीला पदार्थ डाल दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे।
अगली सुबह महिला ने पुलिस को गुमराह करते हुए आत्महत्या की कहानी सुनाई, लेकिन सख्ती से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस अब इस पूरे प्रकरण में अन्य आरोपी युवक की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



