Spread the love

मुखानी में स्मैक तस्कर दबोचा: जंगल के रास्ते बेचने जा रहा था नशा, पुलिस ने 7 ग्राम स्मैक के साथ किया गिरफ्तार

हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखानी क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक की तस्करी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 7 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में ड्रग फ्री देवभूमि मिशन को सफल बनाने के लिए मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान 15 मार्च 2026 को पुलिस ने पुरानी स्टील फैक्ट्री के जंगल वाले रास्ते से गुजर रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 7 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान हेमचंद पाठक (28 वर्ष) पुत्र गिरीश चंद्र पाठक, निवासी मां गिरिजा विहार कॉलोनी फेस-02, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।

इस मामले में पुलिस ने थाना मुखानी में FIR संख्या 28/2026 धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।


Spread the love