Spread the love

सोशल मीडिया बन रहा है समाज के लिए अभिशाप

इंस्ट्राग्राम में दोस्ती कर, दुष्कर्म की एक और घटना आई सामने

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

नाबालिग को अपने झांसे में लेकर उसके साथ किया दुष्कर्म

अल्मोड़ा जिले में फिर से किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती की और मेलजोल बढ़ाकर नाबालिग को अपने झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

नाबालिग पीड़ित युवती द्वारा बताया गया की तीन माह पूर्व हिमांशु उर्फ हेमंत सिंह(22), निवासी ग्राम बजेड़ी, पोस्ट धनियाकोट, बेतालघाट, नैनीताल से उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई। दोनों में मेलजोल बढ़ा और वे एक-दूसरे से मिलने लगे। आरोपी हिमांशु ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने झांसे में लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों को पता चलने पर बीते 26 नवंबर को उन्होंने राजस्व क्षेत्र उपराड़ी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। राजस्व पुलिस से यह मामला सिविल पुलिस को हस्तांतरित हुआ। तब से पुलिस आरोपी की खोजबीन में जुटी थी। महिला थानाध्यक्ष मीना आर्या के नेतृत्व में बनी टीम ने बीते शनिवार को आरोपी को रानीखेत पुल, कालिका बैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग द्वारा घटना की जानकारी अपने परिजनों को देने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेज दिया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया। उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। उसे परिजनों के सरंक्षण में दिया गया है।

जिले में महिला अपराध लगातार बढ़ रहा है। पुलिस से मिले आंकड़ों के अनुसार बीते एक साल में नाबालिग से दुष्कर्म के 25 मामले पंजीकृत हुए हैं। पुलिस के अनुसार अधिकांश मामलों में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों को आरोपी आसानी से अपने झांसे में ले रहे हैं। महिला थानाध्यक्ष मीना आर्या ने बताया कि डिजिटल दौर में लड़कियां अधिकांश समय मोबाइल पर बिता रही हैं। इसी बात का कई लोग फायदा उठाकर उन्हें अपने झांसे में ले रहे हैं। बताया कि महिला अपराध को बढ़ावा मिलने का एक बड़ा कारण सोशल मीडिया भी है।


Spread the love