एसएसपी अजय गणपति का बड़ा एक्शन: अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर शस्त्र लहराने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 दिन का विशेष अभियान शुरू
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा फायरिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त कदम उठाए हैं। एसएसपी के निर्देश पर जनपदभर में अवैध शस्त्र रखने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले लोगों के खिलाफ 15 दिन का विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शस्त्र रखने वाले, सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाले या फायरिंग कर वीडियो और फोटो वायरल करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके लिए जनपद के सभी थाना और कोतवाली क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और अन्य माध्यमों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
विशेष अभियान के पहले दिन 12 मार्च 2026 को ही पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन अभियोग दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध तमंचे और 13 कारतूस बरामद किए हैं।
कहां-कहां हुई कार्रवाई
कोतवाली जसपुर
पुलिस ने एक अभियोग दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया।
कोतवाली रुद्रपुर
यहां पुलिस ने एक अभियोग दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर के तीन अवैध तमंचे, छह कारतूस (315 बोर) और पांच कारतूस (12 बोर) बरामद किए गए।
कोतवाली सितारगंज
पुलिस ने एक अभियोग दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ।
पहले दिन की कार्रवाई का आंकड़ा
03 अभियोग पंजीकृत
03 अभियुक्त गिरफ्तार
05 अवैध तमंचे बरामद
13 कारतूस बरामद (08 कारतूस 315 बोर, 05 कारतूस 12 बोर)
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, अवैध हथियार रखने वाले और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
