Spread the love

काशीपुर: निजी स्कूल में छात्र ने शिक्षक पर चलाई गोली, गंभीर रूप से घायल शिक्षक अस्पताल में भर्ती

काशीपुर। उधमसिंहनगर जिले के काशीपुर में बुधवार को एक निजी स्कूल में सनसनीखेज वारदात सामने आई। नौवीं कक्षा के छात्र ने अपने शिक्षक पर तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कुंडेश्वरी रोड स्थित श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सुबह लगभग 9:45 बजे कक्षा नौ की भौतिक विज्ञान की कक्षा चल रही थी। क्लास खत्म होने के बाद मध्यांतर शुरू हुआ और बच्चे भोजन के लिए बाहर निकलने लगे। इसी दौरान शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली भी कक्षा से बाहर आ रहे थे कि तभी पीछे से छात्र ने अपने टिफिन बॉक्स से तमंचा निकालकर उन पर फायर कर दिया। गोली शिक्षक के दाहिने कंधे के नीचे लगी और वे वहीं गिर पड़े।

वारदात के बाद छात्र भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन अन्य शिक्षकों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। घायल शिक्षक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से खाली खोखा और अवैध तमंचा बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में छात्र ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले सवाल का सही जवाब देने के बावजूद शिक्षक ने उसे थप्पड़ मारा था, जिससे वह आक्रोशित हो गया।

एएसपी अभय सिंह ने बताया कि आरोपी नाबालिग है। शिक्षक की तहरीर पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग छात्र को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


Spread the love