रुड़की में दबंगों का आतंक: पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पति को पीटा, ₹1.5 लाख लूटे
रुड़की। हरिद्वार जनपद के रुड़की में सरेआम गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करना एक पति को भारी पड़ गया। दबंग युवकों ने बीच बाजार न केवल उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, बल्कि उसकी जेब से करीब डेढ़ लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है।
जानकारी के अनुसार कृष्णानगर निवासी एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी शनिवार शाम अपने परिवार के साथ रामनगर बाजार घूमने आया था। लेबर चौक के पास फास्ट फूड खाते समय तीन युवक बाइक पर वहां पहुंचे और उसकी पत्नी पर अश्लील इशारे करने लगे। आरोप है कि उन्होंने महिला पर भद्दे कमेंट भी पास किए।
जब महिला और उसके पति ने इसका विरोध किया तो आरोपी और उग्र हो गए। उन्होंने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर तीनों युवकों ने ट्रांसपोर्टर को घेर लिया और बीच सड़क पर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक खुलेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं। शोर-शराबा बढ़ने और भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि भागते समय आरोपी उसकी जेब से करीब डेढ़ लाख रुपये भी लूट ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि घायल का मेडिकल करा लिया गया है और वायरल वीडियो व आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में भारी आक्रोश है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


