अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
Spread the love

अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, जेल भेजा गया

उत्तरकाशी/बड़कोट। महिला की अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उसे ब्लैकमेल करने वाले आरोपी युवक को बड़कोट पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 फरवरी को एक महिला ने कोतवाली बड़कोट में लिखित तहरीर देकर घनसाली, टिहरी गढ़वाल निवासी एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का कहना था कि युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे जान-पहचान बढ़ाई और बाद में उसकी अश्लील फोटो व वीडियो तैयार कर उन्हें लगातार विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने लगा।

महिला ने जब आरोपी को ऐसा करने से रोका तो उसने जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 77, 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(E), 67(A) के तहत मामला दर्ज किया।

मामला महिला की अस्मिता से जुड़ा और अत्यंत संवेदनशील होने के कारण पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र के नेतृत्व में बड़कोट पुलिस टीम ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।

पुलिस टीम ने दिल्ली के जनकपुरी क्षेत्र में दबिश देकर 25 वर्षीय आरोपी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। महिलाओं से अपील की गई है कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी प्रकार की साइबर ब्लैकमेलिंग या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।


Spread the love