बागेश्वर में ‘आरटीआई’ की आड़ में रंगदारी का खेल बेनकाब, लाखों की मांग करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बागेश्वर। जिले में होटल संचालक से लाखों रुपये की रंगदारी मांगने और बदनाम करने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुद को आरटीआई कार्यकर्ता बताने वाले गोपाल वनवासी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी लंबे समय से इसी तरह लोगों को निशाना बनाकर अवैध वसूली कर रहा था।
पीड़ित होटल संचालक के अनुसार आरोपी लगातार फोन कॉल और सोशल मीडिया के जरिए दबाव बना रहा था। पहले 40 हजार रुपये वसूले गए, फिर अचानक 5 लाख रुपये की बड़ी मांग रख दी गई। बाद में ‘समझौते’ के नाम पर रकम घटाकर ढाई लाख रुपये करने की बात भी सामने आई।
आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि रकम नहीं दी गई तो होटल को अवैध घोषित करवाकर कोर्ट में याचिका दायर कर दी जाएगी और उसे जबरन बंद करवा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, आरोपी सोशल मीडिया पर होटल के खिलाफ भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट डालकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश भी कर रहा था।
लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग समेत कई अहम सबूत सौंपे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
ताजा कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी गोपाल वनवासी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बैजनाथ थाने में उसके खिलाफ रंगदारी के दो मामले पहले से दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। यदि इस गिरोह या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि किस तरह कुछ लोग ‘आरटीआई’ जैसे कानून की आड़ में डर और दबाव बनाकर अवैध वसूली का खेल खेल रहे हैं।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
