Spread the love

मासूम हत्याकांड का पर्दाफाश, तांत्रिक क्रिया का नाटक रचने वाला हत्यारा गिरफ्तार

सीसीटीवी, ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस ने 5 दिन में सुलझाया मामला

हल्द्वानी, 9 अगस्त 2025। काठगोदाम क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज़ मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को आईजी कुमाऊं द्वारा 5,000 रुपये और एसएसपी नैनीताल द्वारा 2,500 रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।

घटना 4 अगस्त 2025 को सामने आई, जब वादी खूबकरन मौर्य निवासी बरेली (वर्तमान पता पश्चिमी खेड़ा, गौलापार) ने अपने 10 वर्षीय पुत्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना काठगोदाम में दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने तीन अलग-अलग सर्च टीमों का गठन किया।

5 अगस्त को तलाशी के दौरान बालक का शव अभियुक्त मोहन चंद्र जोशी के बाड़े में एक प्लास्टिक के कट्टे में दबा मिला। शव का सिर और दाहिना हाथ धड़ से अलग थे और गायब थे। मामले की तह तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज, डॉग स्क्वॉड, ड्रोन कैमरा, एफएसएल टीम और संदिग्धों से पूछताछ की मदद ली गई।

अभियुक्त की बार-बार गुमराह करने की कोशिशों और उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए मनोचिकित्सक डॉ. युवराज पंत की सहायता ली गई। 9 अगस्त को संदिग्ध निखिल जोशी से गहन पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने घिनौनी मंशा से बच्चे को अपने साथ ले जाकर विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए उसने शव के सिर और दाहिने हाथ को काटकर गोठ में कबाड़ के नीचे गाड़ दिया।

निशानदेही पर पुलिस ने बालक का सिर, कटा हुआ हाथ और चप्पल बरामद कर ली। 38 वर्षीय अभियुक्त निखिल जोशी पुत्र मोहन चंद्र जोशी, निवासी पश्चिमी खेड़ा, गौलापार, काठगोदाम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

आईजी कुमाऊं और एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए 7,500 रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया है।


Spread the love