उधम सिंह नगर: फर्जी पहचान छिपाकर विवाह, धर्मांतरण और दहेज उत्पीड़न के आरोप में युवक गिरफ्तार
उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को फर्जी पहचान छिपाकर शादी करने, पत्नी पर धर्मांतरण का दबाव बनाने और दहेज मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
नानकमत्ता निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपी ने दिसंबर 2024 में एक वैवाहिक साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर खुद को मनीष चौधरी पुत्र अमित चौधरी बताया और उससे हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह कर लिया। बाद में पता चला कि उसका असली नाम मोनिस है, जो मेरठ निवासी इरशाद अहमद का बेटा है और वर्तमान में दिनेशपुर क्षेत्र के जयनगर स्थित गायत्री विला में रह रहा था।
जांच में सामने आया कि मोनिस पहले से ही एक मुस्लिम युवती से विवाहित था। हिंदू युवती से शादी के बाद वह और उसका परिवार दहेज के रूप में 2 लाख रुपये नकद, एक कार और सोने के गहने की मांग करने लगे। विरोध करने पर पीड़िता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष ने उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया और जबरन मांसाहारी भोजन खिलाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने वैवाहिक साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर शादी करने की बात स्वीकार कर ली है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 (धोखाधड़ी कर यौन संबंध बनाना), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस प्रकरण की विवेचना की जिम्मेदारी उप-निरीक्षक रजनी गोस्वामी को सौंपी गई है।
