Spread the love

लघु सिंचाई खंड नैनीताल के अधिशासी अभियंता कृष्ण सिंह कन्याल के घर से विजिलेंस ने बरामद किये 23.97 लाख रुपए

विवादों से नाता रहा है कृष्ण सिंह कन्याल का

हल्द्वानी। रिश्वत लेने के आरोपी लघु सिंचाई खंड नैनीताल के अधिशासी अभियंता कृष्ण सिंह कन्याल को विजिलेंस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उसके घरों की तलाशी लेने पर विजिलेंस को 23.97 लाख रुपए बरामद हुए हैं। आरोपित को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

विजिलेंस के सीओ अनिल मनराल ने बताया कि बीते कुछ दिन पहले एक ठेकेदार ने कार्यालय में पहुंचकर शिकायत कि थी कि लघु सिचाई खंड नैनीताल के अधिशासी अभियंता कृष्ण सिंह कन्याल पुत्र हरक सिंह निवासी लार्ड कृष्णा ग्रीन प्रथम तल वी-109 केदारपुरम मोथरो वाला देहरादून हाल निवासी मुकुल विहार सिजवाली काम्पलैक्स बी-5 प्रथम तल तल्ली बमौरी, लालडांठ बाईपास रोड हल्द्वानी उनसे घूस मांग रहा है।

हल्द्वानी सेक्टर के विजिलेंस सीओ अनिल मनराल ने बताया कि कन्याल के देहरादून और हल्द्वानी आवास पर बुधवार देर रात तक तलाशी ली गई। देहरादून आवास से 16.73 लाख व हल्द्वानी आवास से 3.38 लाख रुपए मिले हैं। हल्द्वानी के ऊंचापुल स्थित जिस लघु सिंचाई कार्यालय में आरोपित बैठता था वहां से 3.86 लाख रुपए बरामद हुए हैं। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। आरोपित से पूछताछ जारी है।

नैनीताल में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (ईई) का अल्मोड़ा में भी विवादों से नाता रहा है। नैनीताल तबादले से पहले अल्मोड़ा में तैनात ईई के खिलाफ शिकायतों की लंबी सूची रही है। ठेकेदार हमेशा भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने और परेशान करने की बात करते हुए जांच की मांग करते रहते थे।

अल्मोड़ा में तैनाती के बाद से ही लघु सिंचाई विभाग के ईई कृष्ण सिंह कन्याल पर ठेकेदारों से रिश्वत मांगने और उन्हें परेशान करने के आरोप लगते रहे। ठेकेदार आए दिन उनके कारनामों की शिकायत अधिकारियों से करते रहे। नतीजतन उनके खिलाफ एसडीएम स्तर से जांच भी हुई। हालांकि उन पर आरोप सिद्ध नहीं हो सके। विभाग भी मानता है कि विवादित ईई के स्थानांतरण के बाद लंबे समय से भुगतान संबंधी मामले किसी तरह निपटाए गए और ठेकेदारों को भरोसे में लिया गया। नैनीताल स्थानांतरण के बाद ईई ने विवादों से रिश्ता नहीं तोड़ा और वह रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए हैं।


Spread the love