गंगनहर पटरी पर ‘मनचले’ का आतंक! महिलाओं ने बनाया VIDEO, फिर ऐसे दबोचा गया आरोपी
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करने वाले एक युवक को आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। महिलाओं की सतर्कता और हिम्मत से बनाई गई वीडियो ने आरोपी की करतूतों का भंडाफोड़ कर दिया।
बताया जा रहा है कि मामला सिडकुल थाना क्षेत्र के शंकराचार्य चौक और गंगनहर पटरी के बीच का है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचते हैं। पिछले कई दिनों से एक स्कूटी सवार युवक महिलाओं का पीछा कर उनके साथ अभद्र और अश्लील हरकतें कर रहा था।
रविवार सुबह कुछ महिलाओं ने आरोपी की हरकतों का वीडियो बना लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर खड़खल देवेंद्र सिंह रावत ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी। आरोपी पहले तो वहां से भाग निकला, लेकिन कुछ देर बाद फिर लौट आया और दोबारा अशोभनीय हरकत करने लगा। इस बार पुलिस ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर मौजूद महिलाओं ने आरोपी की जमकर फटकार लगाई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रभाकर मिश्रा निवासी मक्खूपुरी, रामनगर (रुड़की) बताया। जानकारी के अनुसार वह एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है और एक सीए कार्यालय में अकाउंटेंट का काम करता है। जांच में सामने आया कि वह हर रविवार स्कूटी से हरिद्वार आता था और गंगनहर पटरी समेत अन्य सुनसान स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाता था।
एसपी सिटी पंकज सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष निगरानी रख रही है। ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

