अवैध तमंचे संग पोस्ट
Spread the love

इंस्टाग्राम रील के चक्कर में फंसा युवक, अवैध तमंचे संग पोस्ट डालते ही हल्द्वानी पुलिस ने किया गिरफ्तार

SSP मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, 315 बोर तमंचा और कारतूस बरामद

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। हल्द्वानी पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ फोटो पोस्ट करने वाले युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, एक युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर अवैध तमंचे के साथ फोटो और रील पोस्ट की गई थी, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बनने की आशंका थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

इन निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 01 अप्रैल 2026 को क्रियाशाला मंदिर के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में थाना हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 111/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त:
अंश खत्री उर्फ अक्की (19 वर्ष) पुत्र भानु प्रताप सिंह खत्री, निवासी अम्बेडकरनगर शिवपुरी, थाना कठघर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), वर्तमान पता- गौला गेट, राजपुरा, हल्द्वानी।

बरामदगी:
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love