जिलेटिन की छड़ें
Spread the love

सनसनीखेज़ खुलासा: जनरल स्टोर से निकली ‘बारूद की दुकान’, 104 जिलेटिन छड़ें बरामद

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विस्फोटक पदार्थों का जखीरा बरामद किया है। होटल और होमस्टे सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीम को लीती क्षेत्र में एक जनरल स्टोर से 104 जिलेटिन की छड़ें मिलीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम शामा चौकी प्रभारी सुमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान लीती निवासी पान सिंह के जनरल स्टोर और होमस्टे परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बम निरोधक दस्ते (BDDS) को बुलाया गया, जिसने बरामद जिलेटिन को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वर्ष 2010-12 के दौरान लीती सड़क निर्माण कार्य के समय वह ठेकेदार के गोदाम की देखरेख करता था। कार्य समाप्त होने के बाद बची विस्फोटक सामग्री को उसने अपने पास ही छिपाकर रख लिया था।

बताया जा रहा है कि आरोपी वर्तमान में चाय की दुकान, जनरल स्टोर और एक होमस्टे संचालित करता है, जहां से यह खतरनाक सामग्री बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इन विस्फोटकों का इस्तेमाल अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में तो नहीं किया जा रहा था।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love