विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने खेल मैदान में दिखाया जज़्बा, कल्याणम स्पेशल स्कूल का वार्षिक खेल दिवस सम्पन्न
👉 संस्थापक श्याम सिंह नेगी बोले—खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का अहम जरिया
👉 100 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़ और गेंद फेंक प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह, अभिभावकों ने भी बढ़ाया हौसला
हल्द्वानी। कल्याणम स्पेशल स्कूल कुसुमखेड़ा द्वारा वार्षिक खेल दिवस का आयोजन पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच, हीरानगर हल्द्वानी में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसमें अतिथि प्रतीक शर्मा (राष्ट्रीय अध्यक्ष, मदद एक आस फाउंडेशन), दीप्ति चुफाल (राष्ट्रीय महासचिव, नेशनल चाइल्ड एंड वूमेन डेवलपमेंट काउंसिल) और मधुर अग्रवाल (इनरव्हील क्लब ऑफ हल्द्वानी) शामिल हुए।
विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत, योगासन और रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेल प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़ और गेंद फेंक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।
विद्यालय के संस्थापक श्याम सिंह नेगी ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का अहम हिस्सा हैं। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए ऐसे आयोजन आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

इस कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और बच्चों का मनोबल बढ़ाया। विजयी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन स्मृति लोशाली ने किया। उन्होंने अभिभावकों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कल्याणम स्पेशल स्कूल भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा।

इस अवसर पर विद्यालय के विशेष शिक्षक पंकज कुमार, चांदनी कफलटिया, रविन्द्र बिष्ट, स्मिता वर्मा, चित्रा पंत, रचना पांडे और नीतिका अंडोला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
