नामांकन की अंतिम तिथि
Spread the love

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में शीतकालीन सत्र के लिए नामांकन की तिथि बढ़ी, अब 20 फरवरी तक मिलेगा मौका

हल्द्वानी। राज्य के एकमात्र मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षण संस्थान उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) ने शीतकालीन सत्र (जनवरी 2026) के लिए नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पहले 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई तिथि को बढ़ाकर अब 20 फरवरी 2026 कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर मिल सके।

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में हर वर्ष दो सत्रों में प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाती है। शीतकालीन सत्र का नामांकन जनवरी माह में जबकि ग्रीष्मकालीन सत्र का नामांकन जुलाई माह में किया जाता है। विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा और प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों के साथ-साथ कौशल संवर्धन से जुड़े कई रोजगारपरक कोर्स भी उपलब्ध हैं।

एक साथ दो डिग्री करने की सुविधा

विश्वविद्यालय यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शिक्षार्थियों को एक साथ दो अलग-अलग डिग्री कार्यक्रमों में नामांकन की सुविधा भी प्रदान करता है। यह व्यवस्था विशेष रूप से कार्यरत युवाओं, गृहिणियों और दूर-दराज़ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है।

ऑनलाइन और अध्ययन केंद्रों से ले सकते हैं जानकारी

जनवरी 2026 शीतकालीन सत्र के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 20 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। नामांकन के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uou.ac.in अथवा onlineuou.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर या अपने नजदीकी अध्ययन केंद्र से भी प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


Spread the love