अधिकारियों को पदोन्नति
Spread the love

शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: निदेशक समेत छह वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति

देहरादून। उत्तराखंड शिक्षा विभाग में गुरुवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए गए। विभागीय ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है। इन आदेशों के बाद विभाग में नई जिम्मेदारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है।

सबसे महत्वपूर्ण निर्णय के तहत प्रभारी प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल को उनके सेवानिवृत्ति से ठीक दो दिन पहले नियमित रूप से शिक्षा निदेशक पद पर पदोन्नत किया गया है। इस संबंध में औपचारिक आदेश शिक्षा सचिव रवीनाथ रामन द्वारा जारी किए गए।

अजय नौडियाल इससे पूर्व अपर शिक्षा निदेशक के पद पर कार्यरत थे और लंबे समय से विभाग में विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। उनकी पदोन्नति को विभागीय अनुभव और वरिष्ठता के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि उनके नेतृत्व में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलेगी।

इसी क्रम में पांच संयुक्त निदेशकों को पदोन्नत कर अपर शिक्षा निदेशक बनाया गया है। पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में मेहरबान सिंह बिष्ट, कुंवर सिंह रावत, बृजमोहन सिंह रावत, पद्मेंद्र सकलानी, प्रमेन्द्र कुमार, शामिल हैं।

इन पदोन्नतियों को शिक्षा विभाग में प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और कार्यप्रणाली में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों के बाद अब जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया जाएगा, जिससे निर्णय प्रक्रिया और अधिक प्रभावी हो सकेगी।

पदोन्नति आदेश जारी होने के साथ ही संबंधित अधिकारियों ने नई जिम्मेदारियां संभालने की तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में विभागीय योजनाओं की मॉनिटरिंग, विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और प्रशासनिक पारदर्शिता पर विशेष फोकस रहेगा।


Spread the love