Spread the love

विज़्डम स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मातृ दिवस समारोह, नारी शक्ति ने दिए सामाजिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता के संदेश

हल्द्वानी। विज़्डम स्कूल में आज मातृ दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती त्रिवेणी चन्द्र कबडवाल और उप प्रधानाचार्य श्रीमती नीता पाण्डे द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह में मातृशक्ति ने विभिन्न रंगारंग और प्रेरणात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में महिला भागीदारी, नशामुक्ति, जागरूकता अभियान, देशप्रेम, भारतीय संस्कृति के संरक्षण, आत्मनिर्भरता और सोशल मीडिया की लत से बच्चों को बचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संदेश दिया। उन्होंने नये भारत की परिकल्पना को साकार करने का संकल्प लेते हुए मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित किया।

कार्यक्रम की मुख्य आकर्षणों में रैम्प वॉक, ‘आवाज़ पहचानो’ प्रतियोगिता, समूह नृत्य, और गायन प्रतियोगिता रही, जिनमें माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में किरण आर्या, ज्योति पाण्डे, रजनी मेहरा, शोभा पाण्डे, रेखा घुड़दौड़ा, भावना बिष्ट, बबीता बिष्ट और रेनू भैसोड़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

मातृशक्ति के सम्मान में विद्यालय प्रबंधन द्वारा जलपान की विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री राजेन्द्र पोखरिया ने विजेताओं को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में माताओं के योगदान को नमन करते हुए कहा कि माताएं ही समाज की वास्तविक निर्माता हैं। उन्होंने बच्चों को नशे और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से दूर रखने तथा उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया।

समारोह को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी पूनम मठपाल, अरुण सिंह, महेन्द्र सिंह मेहरा और कमलेश तिवारी सहित स्कूल स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।


Spread the love