सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने जेईई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन
Spread the love

सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने जेईई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बढ़ाया गौरव

शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दो मेधावी छात्रों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा आईआईटी जेईई में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इंटरमीडिएट के छात्र शौर्य कत्युरा ने 97.38 परसेंटटाइल अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जबकि भावेश जोशी ने 91.11 परसेंटटाइल अंक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करना दोनों छात्रों की कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है।

विद्यालय परिवार में इस सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है। छात्रों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों के निरंतर सहयोग और विद्यालय में मिले सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीन्द्र कुमार रौतेला ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन के एस.सी. मिश्रा, महेश जोशी, अकादमिक कोऑर्डिनेटर बी.बी. जोशी, नीमा पाण्डेय, वरिष्ठ कोऑर्डिनेटर प्रदीप मित्रा, आई.डी. जोशी, प्रकाश शर्मा, एस.एस. कपकोटी, कोमल बिष्ट, मंजू जोशी सहित समस्त शिक्षकों ने छात्रों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी विद्यालय के छात्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते रहेंगे।


Spread the love