📚 उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 का शेड्यूल जारी, पढ़ें अपडेट


रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा कार्यक्रम जारी होते ही राज्यभर के लाखों छात्र-छात्राओं में हलचल तेज हो गई है।
परिषद द्वारा जारी टाइम टेबल के अनुसार परीक्षाएं प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षार्थी सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हो जाएं। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए विद्यार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
बोर्ड सचिव ने बताया कि सभी परीक्षाएं प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही पाली में संपन्न कराई जाएंगी। इस साल हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए कुल 2 लाख 16 हजार 373 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें हाईस्कूल के 1,12,679 और इंटरमीडिएट के 1,03,442 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं अलग-अलग तिथियों में संचालित होंगी, जिनमें हिंदी, अंग्रेज़ी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, उर्दू, पंजाबी, कृषि, गृह विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी, व्यवसायिक ट्रेड और विभिन्न वैकल्पिक विषय शामिल हैं। संगीत (गायन, वादन), ड्राइंग एंड पेंटिंग, कृषि विज्ञान और व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएंगी।
परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्रों के क्रम में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। साथ ही दिव्यांग परीक्षार्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा कार्यक्रम का गंभीरता से अध्ययन कर समय से तैयारी करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के साथ ही शिक्षा विभाग और विद्यालयों ने भी परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन को लेकर विशेष इंतज़ाम किए जाने की बात कही गई है।

