154 अभ्यर्थियों को पुलिस लाइन रुद्रपुर
Spread the love

उत्तराखंड पुलिस भर्ती: ऊधमसिंहनगर के 154 अभ्यर्थियों को पुलिस लाइन रुद्रपुर में होना होगा उपस्थित

रुद्रपुर। उत्तराखंड पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा–2025 का चयन परिणाम उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा घोषित कर दिया गया है। आयोग की विज्ञप्ति संख्या 284/परीक्षा/2025-26 दिनांक 27 फरवरी 2026 के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी कर दी गई है।

यह भर्ती विज्ञापन संख्या 65/उ.आ.से.च.आ./2024 दिनांक 30 अक्टूबर 2024 के अंतर्गत उत्तराखंड पुलिस विभाग में आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) तथा आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष) के कुल 2000 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। शारीरिक दक्षता एवं लिखित परीक्षा के उपरांत अब चयनित अभ्यर्थियों के चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

154 अभ्यर्थियों को पुलिस लाइन रुद्रपुर

02 मार्च से शुरू होगा मेडिकल परीक्षण

विज्ञप्ति के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों का चिकित्सा/स्वास्थ्य परीक्षण दिनांक 02 मार्च 2026 से संबंधित जनपदों में, जहां से उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रतिभाग किया था, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपदीय चिकित्सा बोर्ड द्वारा कराया जाएगा।

ऊधमसिंहनगर के 154 अभ्यर्थी चयनित

जनपद ऊधमसिंहनगर एवं 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से आवेदन करने वाले कुल 154 चयनित पुरुष अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण निम्नानुसार निर्धारित किया गया है—

  • 02 मार्च 2026: क्रम संख्या 01 से 100 तक के 100 अभ्यर्थी

  • 05 मार्च 2026: क्रम संख्या 101 से 154 तक के 54 अभ्यर्थी

सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रातः 07:30 बजे पुलिस लाइन, रुद्रपुर (ऊधमसिंहनगर) में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित न होने की स्थिति में अभ्यर्थी स्वयं उत्तरदायी होंगे।

आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

चिकित्सा परीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाने होंगे—

  • प्रवेश पत्र (Admit Card)

  • 04 पासपोर्ट साइज फोटो

  • आधार कार्ड

हेल्पलाइन जारी

चिकित्सा परीक्षण से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 05944-242525 पर संपर्क कर सकते हैं।

चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।


Spread the love