चोरी करने घुसा चोर, शराब दिखी तो बदल गई नीयत image ai genrated
Spread the love

चोरी करने घुसा चोर, शराब दिखी तो बदल गई नीयत… पूरी बोतल गटक कर होमस्टे में ही सो गया, सुबह ऐसे खुली पोल

नैनीताल।उत्तराखंड की पर्यटन नगरी नैनीताल में होली से पहले एक ऐसा अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और हंसी का कारण भी बन गया। यहां एक युवक चोरी की नीयत से होमस्टे में घुसा, लेकिन अंदर रखी शराब की बोतल देखकर उसका इरादा ही बदल गया। चोरी करने आया युवक रातभर शराब पीकर मस्ती करता रहा और नशा इतना चढ़ गया कि वहीं गहरी नींद में सो गया। सुबह जब मालिक और कर्मचारी पहुंचे तो चोर की हालत देखकर सभी दंग रह गए।

जानकारी के मुताबिक अयारपाटा क्षेत्र में रहने वाले प्रदीप अपने घर के पास चल रहे होमस्टे को सोमवार रात ताला लगाकर घर चले गए थे। देर रात करीब साढ़े बारह बजे एक युवक चोरी की नीयत से होमस्टे में घुस गया। उसने कमरों की तलाशी ली, अलमारियां खंगालीं और कीमती सामान तलाशने की कोशिश की, लेकिन उसे कुछ खास हाथ नहीं लगा।

इसी दौरान उसकी नजर किचन में रखी शराब की बोतल पर पड़ गई। बस फिर क्या था… चोरी का प्लान वहीं धरा रह गया और युवक ने शराब की पार्टी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि उसने अकेले ही पूरी बोतल खाली कर दी और नशे में धुत होकर होमस्टे के अंदर ही गहरी नींद में सो गया।

सुबह जब होमस्टे मालिक प्रदीप और कर्मचारी वहां पहुंचे तो दरवाजा खुला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो एक अनजान युवक बेफिक्र अंदाज में सो रहा था। जब उसे जगाया गया तो वह शर्मिंदा होने के बजाय उल्टा गाली-गलौज करने लगा और अभद्र व्यवहार करने लगा।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद मामले की सूचना मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस के अनुसार युवक ने रातभर शराब पी और अधिक नशा होने के कारण वहीं सो गया था।

बाद में युवक के परिजन भी थाने पहुंच गए। उन्होंने बताया कि युवक काफी समय से नशे का आदी है और बेरोजगार भी है। परिवार के अनुरोध पर पुलिस ने उसे समझाइश देकर नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया।

होली से पहले सामने आए इस अजीब मामले की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। लोग मजाक में कह रहे हैं कि “चोरी करने आया चोर, लेकिन शराब ने उसे चोर से ‘मेहमान’ बना दिया।”


Spread the love