Spread the love

आप-कांग्रेस का हरियाणा-गुजरात-गोवा-चंडीगढ़ गठबंधन, पंजाब में लड़ेंगे दोनों अलग-अलग चुनाव

लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा शनिवार को फाइनल हो गया। दिल्ली में आम आदमी पार्टी 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गुजरात की 26, हरियाणा की 10, गोवा की 2 और चंडीगढ़ सीट के लिए भी शेयरिंग फॉर्मूला फाइनल हो गया है।

कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक और AAP लीडर संदीप पाठक ने शनिवार को जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंजाब में दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, गोवा और चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ने का एलान किया। दिल्ली में आप चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि दोनों दल पंजाब में अलग-अलग अपने उम्मीदवार उतारेंगे।

दिल्ली में आप नई दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली और पूर्वी दिल्ली की सीट तो कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर-पूर्व दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली पर चुनाव लड़ेगी। गुजरात की 26 सीटों में से दो भरूच और भावनगर पर आप, तो अन्य 24 पर कांग्रेस अपने उम्मीदवारखड़े करेगी। कांग्रेस गोवा की दोनों और चंडीगढ़ की एकमात्र सीट पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, हरियाणा की 10 सीटों में से 9 पर कांग्रेस और आप कुरुक्षेत्र में अपना उम्मीदवार उतारेगी। वासनिक ने कहा कि पंजाब में विशेष हालात के चलते अलग-अलग आम चुनाव लड़ने का फैसला किया गया।


Spread the love