प्रेम विवाह की खौफनाक कीमत: पति ICU में मौत से जंग लड़ रहा, पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
कर्नाटक से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पाँच साल पहले परिवार के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह करने वाले दंपति की जिंदगी का अंत दर्दनाक त्रासदी में बदल गया। पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव ने ऐसा तांडव मचाया कि पति अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है, जबकि पत्नी ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
प्यार से शादी, फिर बढ़ता गया ज़हर
हडली गांव निवासी चेतन (28) और रंजिता (25) ने पाँच वर्ष पूर्व सामाजिक और पारिवारिक विरोध को दरकिनार करते हुए प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे हालात बिगड़ते चले गए। आपसी झगड़े, पारिवारिक हस्तक्षेप और बढ़ते तनाव ने दोनों के रिश्ते को खोखला कर दिया।
मानसिक दबाव में पति ने खाया ज़हर
सूत्रों के अनुसार, पारिवारिक क्लेश से टूट चुके चेतन ने तीन दिन पहले जहरीली गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ते ही परिजन उसे हासन के एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है। परिजनों का आरोप है कि पत्नी और उसके मायके पक्ष द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी।
पति को ICU में देख टूटी पत्नी, रात में दे दी जान
पति के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही रंजिता अपने मासूम बच्चे के साथ अस्पताल पहुँची। आईसीयू में चेतन की गंभीर हालत देखकर वह सदमे में आ गई। शाम को बच्चे के साथ घर लौटने के बाद, रात में अकेलेपन और तनाव से टूटकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
दहेज के आरोप, थाने में शिकायत
घटना के बाद रंजिता के माता-पिता ने चेतन और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बेटी को लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले को लेकर स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक मासूम बच्चा मां को खो चुका है और पिता ज़िंदगी की आखिरी जंग लड़ रहा है। प्यार से शुरू हुई कहानी अब खून, आंसुओं और मौत पर आकर खत्म हो गई।
