बार एसोसिएशन हल्द्वानी चुनाव: विभिन्न पदों के लिए नामांकन संपन्न, कल होगी जांच
हल्द्वानी, 21 मार्च 2026। बार एसोसिएशन हल्द्वानी के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हो गई। नामांकन पत्र लेने और जमा करने की अंतिम तिथि के उपरांत मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद पाण्डेय एवं उनकी टीम की उपस्थिति में विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र जमा किए गए।
मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए गोविंद सिंह बिष्ट और किशोर कुमार पंत ने नामांकन किया है। उपाध्यक्ष पद के लिए ललित मेर और जितेंद्र सिंह बिष्ट मैदान में हैं, जबकि सचिव पद के लिए सौरभ बिष्ट, मोहन सिंह बिष्ट, कुंदन सिंह बिष्ट और विनीत परिहार ने दावेदारी पेश की है।
महिला उपाध्यक्ष (आरक्षित) पद के लिए बसंती बिष्ट और निशा आर्या ने नामांकन किया है। संयुक्त सचिव पद के लिए सुधांशु तिवारी, विपिन कुमार और दिनेश जोशी ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जबकि संयुक्त सचिव (प्रेस) पद के लिए वानु कबड़वाल (भानु) और मनीष गोयल मैदान में हैं।
लेखाधिकारी पद के लिए गौरव बिष्ट और आर.पी. पाण्डेय, पुस्तकालयाध्यक्ष पद के लिए स्वर्णा जोशी कपिल, विनोद कुमार श्रीमाली और लोकेश राज चौधरी ने नामांकन किया है। कोषाध्यक्ष पद के लिए चंदन सिंह बोहरा, गौरव कपूर और हरेन्द्र पडियार ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है।
सदस्य (सामान्य) पद के लिए मयंक प्रकाश, राहुल भट्ट, राकेश कुकरेती, कैलाश चंद्र पाठक, दीपक नाथ और पूजा लटवाल सहित कई प्रत्याशियों ने नामांकन किया। वहीं सदस्य महिला (आरक्षित) पद के लिए हिमानी सनवाल और सुनीता भट्ट ने नामांकन पत्र जमा किए।
सभी नामांकन पत्र मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय में जमा किए गए। नामांकन पत्रों की जांच 22 मार्च 2026 को की जाएगी।
चुनाव समिति में मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद पाण्डेय के साथ सहयोगी सदस्य के रूप में मनोज बिष्ट, नीरज जोशी, हिमांशु डालाकोटी, मोहित पाण्डेय, महेंद्र बुटोला, मोहित मैनाली और सुनील बुढ़लाकोटी शामिल रहे।
