चुनावी रंजिश में दो गुटों के बीच चाकूबाजी, तीन घायल
बागेश्वर, 18 जनवरी: कपकोट में चुनावी रंजिश के कारण गुरुवार की रात दो गुटों के बीच विवाद गहरा गया, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में सभासद प्रत्याशी योगेश ऐठानी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में सभासद प्रत्याशी योगेश ऐठानी, सुंदर सिंह निवासी खाईबगड़ और पंकज घटियाल शामिल हैं। योगेश ऐठानी को अल्मोड़ा रेफर किया गया है, जबकि सुंदर सिंह को हल्द्वानी और फिर एम्स दिल्ली रेफर किया गया है। पंकज को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना रात 9 बजे के आसपास भुराड़ी क्षेत्र में हुई। योगेश ऐठानी, जो भराड़ी वार्ड से सभासद प्रत्याशी हैं, एक बैठक से लौट रहे थे, तभी उनका हिमांशु मेहता और दो अन्य लोगों से विवाद हो गया। विवाद के बाद चाकू चले और तीन लोग घायल हो गए। इस संबंध में पुलिस ने हिमांशु मेहता और दो नाबालिगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

