अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट, प्रधानमंत्री के नाम से हुई पहली पूजा
उत्तरकाशी, 30 अप्रैल 2025 — अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष पूजा-अर्चना के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2025 का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा कर यात्रा के सफल आयोजन और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में प्रतिभाग करने वाले पहले मुख्यमंत्री बने। कपाटोद्घाटन के अवसर पर दोनों धामों में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे श्रद्धालुओं के बीच उल्लास का माहौल रहा।
सुबह मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से चलकर गंगोत्री धाम पहुंची, जहां पूर्वाह्न 10:30 बजे गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यमुनोत्री धाम में मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली से चलकर पूर्वाह्न 11:55 बजे मंदिर पहुंची, और धार्मिक विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट खोले गए। इस मौके पर देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा और यमुना में पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया और अखंड ज्योति के दर्शन किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की और लोक देवताओं की डोलियों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि चारधाम उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश और विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। हर श्रद्धालु इन धामों की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त करना चाहता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक प्रबंध किए हैं। सभी मूलभूत सुविधाएं, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने सभी नागरिकों से “ग्रीन और क्लीन” चारधाम यात्रा में सहयोग की अपील भी की।
गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन के अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, किशोर भट्ट, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल उपस्थित रहे।
यमुनोत्री धाम में मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल और सचिव सुनील उनियाल मौजूद रहे।
