मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 का भव्य समापन, देहरादून बना विजेता
सीएम धामी बोले – उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ ‘खेलभूमि’ भी
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ननूरखेड़ा, देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून जनपद को विजेता ट्रॉफी और 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता का समापन नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आज खेल प्रतियोगिताएं गांव-गांव, न्याय पंचायतों और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान देने का सशक्त माध्यम बन चुकी हैं। उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दी है। आज भारत ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और सम्मान मिल रहा है, जिससे देश की पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी प्रदेश में खेलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने उत्तराखंड का मान पूरे देश में बढ़ाया है। इन खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में राज्य की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी किया जा रहा है, जहां खिलाड़ियों को आधुनिक कोचिंग, खेल विज्ञान और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा।
उन्होंने बताया कि नई खेल नीति में खिलाड़ियों के लिए अनेक प्रावधान किए गए हैं। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत युवा खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रशिक्षकों के मानदेय और प्रोत्साहन राशि में भी वृद्धि की गई है।
खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को “उत्तराखंड खेल रत्न”, “द्रोणाचार्य पुरस्कार” और “हिमालय खेल रत्न” जैसे सम्मान दिए जा रहे हैं। साथ ही इस वर्ष से खेल महाकुंभ और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में आवेदन के दौरान 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने बताया कि 23 नवंबर 2025 से न्याय पंचायत स्तर पर शुरू हुई प्रतियोगिताओं का समापन 18 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ हुआ। इस आयोजन में 1 लाख 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने 26 खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आगामी राष्ट्रीय खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 ओलंपिक की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा, खेल निदेशक डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह सहित खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

