19 वर्षीय होटल कर्मी की करंट लगने से मौत, परिजनों का गुस्सा फूटा
25 लाख मुआवजे की मांग, होटल कारोबारी और ग्रामीणों में धक्का-मुक्की, पुलिस पर मिलीभगत के आरोप
भवाली/नैनीताल। भीमताल रोड पर 19 वर्षीय होटल रिसेप्शनिस्ट की करंट लगने से मौत के बाद सोमवार को हल्द्वानी पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। शव रखकर प्रदर्शन करने के दौरान होटल कारोबारी और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई तक हो गई। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।
मृतक की पहचान रोहित पांडे (19 वर्ष) निवासी अमृतपुर, भवाली के रूप में हुई। रोहित होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था और तीन महीने पहले ही भीमताल रोड स्थित एक होटल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने लगा था।
परिजनों का आरोप है कि होटल प्रबंधन ने रोहित को 11 हजार केवी लाइन में कटिया डालने के लिए चीड़ के पेड़ पर चढ़ाया। करीब 30 फीट ऊंचाई से तार में शॉर्ट सर्किट होते ही करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्वजन का कहना है कि हादसे की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई। देर रात भवाली पुलिस की ओर से सुबह करीब चार बजे सूचना दी गई कि रोहित को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ ही घंटे बाद उसकी मौत हो गई और शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने होटल कारोबारी पर हत्या का आरोप लगाया। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु ने भीड़ का नेतृत्व करते हुए कहा कि होटल प्रबंधन ने जबरन युवक को पेड़ पर चढ़ाया, जिसके चलते उसकी जान गई। पनेरु और ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
स्थिति तब बिगड़ गई जब होटल कारोबारी मौके पर पहुंचा। गुस्साए ग्रामीणों ने उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिस ने किसी तरह कारोबारी को बचाकर वाहन में बैठाया, लेकिन ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया। करीब 20 मिनट बाद पुलिस ने समझाकर दोनों पक्षों को कोतवाली पहुंचाया।
कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामला भवाली पुलिस के पास है। वहीं, एसआई लेखराज कंबोज ने टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक को सड़क पर गिरते हुए देखा गया है।
एसआई कंबोज ने बताया कि यह हादसा जॉर्ज होटल के पास हुआ। होटल प्रबंधन और सहयोगियों के बयान लिए जा रहे हैं।
पूर्व दर्जा राज्य मंत्री पनेरु, ग्राम प्रधान अमियां पंकज सिंह महरा और ग्रामीणों ने आईजी को लिखित शिकायत भेजकर होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्रबंधन ने साक्ष्य छिपाने और घटना को दबाने की कोशिश की। शिकायत में होटल संचालकों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।





