अपराध और कानून व्यवस्था पर कुमाऊं रेंज की बड़ी बैठक,एडीजी अपराध, आईजी और सभी एसएसपी शामिल
महिला अपराधों में संवेदनशीलता बरतें विवेचक : एडीजी मुरुगेशन

नैनीताल। उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन ने गुरुवार को पुलिस लाइन नैनीताल में कुमाऊं रेंज के सभी पुलिस कप्तानों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में महिला अपराधों, नशा तस्करी, साइबर क्राइम और अज्ञात शवों की शिनाख्त जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की गई। एडीजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधों पर अंकुश लगाने में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीजी मुरुगेशन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा अज्ञात शवों की शिनाख्त हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए एक कार्ययोजना जारी की गई है, जिसमें जिलों को त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में महिला अपहरण और महिला अपराधों के मामलों को गंभीरता से लेने पर बल दिया गया। एडीजी ने कहा कि विवेचक इन मामलों की जांच संवेदनशीलता और तत्परता के साथ करें। संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए ताकि समाज में निवारक संदेश जाए।
एडीजी ने चोरी व नकबजनी के मामलों का त्वरित निस्तारण करने, संलिप्त अपराधियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और बरामदगी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध असलहों की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई करने और जिलों में सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने कहा कि अवैध नशे की सप्लाई चेन पर कड़ी नजर रखी जाए। नशा तस्करों और अड्डों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। मैदानी जिलों को सक्रिय रहकर सभी एंट्री पॉइंट्स और बैरियरों पर सघन चेकिंग करने और लगातार गश्त व भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए।
एडीजी ने साइबर अपराधों के मामलों में 1930 हेल्पलाइन को प्रभावी रूप से सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों को साइबर फ्रॉड से संबंधित मामलों में ठोस कार्ययोजना बनाने और पीड़ितों की संपत्ति बरामदगी कराने पर जोर दिया।
बैठक में सभी जनपद प्रभारियों को विवेचनात्मक कार्यवाहियों में पारदर्शिता अपनाने तथा लंबित विवेचनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि वरिष्ठ अधिकारी अधीनस्थों के कार्यों की लगातार समीक्षा करें।
समीक्षा बैठक में आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा, एसएसपी ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा, एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा, एसपी चंपावत अशोक ए. गणपति, एसपी पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव, एसपी बागेश्वर चंद्रशेखर घोड़के और एसपी क्राइम ऊधमसिंहनगर सुश्री निहारिका तोमर मौजूद रहीं।
